राजस्थान में बुधवार को 61 नए पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें नागौर में 17, डूंगरपुर में 11, झुंझुनू और सीकर में 8-8, कोटा में 6, सिरोही में 4, उदयपुर में 3, जयपुर में 2, झालावाड़ और बारां में 1-1 संक्रमित मिला। जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 5906 पर पहुंच गया।

राजस्थान में बंद पड़े मॉल्स में ऑफिस और गैर शैक्षणिक कामों के लिए खुलेंगे स्कूल-कॉलेज

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लॉकडाउन 4.0 के तहत छूट का दायरा मंगलवार रात को और बढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि अब मॉल्स में बंद पड़े ऑफिस खोले जा सकेंगे, लेकिन दुकानें अब भी बंद रहेंगी। अब स्कूल-कॉलेजों में भी गैर-शैक्षणिक कार्यों के लिए ऑफिस खुल सकेंगे। यानी बच्चे नहीं, केवल शिक्षक व अन्य शैक्षणिककर्मी उपस्थित हो सकेंगे। प्रदेश में कंटनमेंट जोन को छोड़कर शेष स्थानों पर डेंटल चिकित्सा क्लीनिकों के संचालन के लिए जोनवार मंजूरी दी जाएगी।

क्वारैंटाइन में भोजन की व्यवस्था फिर भी टिफिन देने गए परिजन, अब पॉजिटिव मिले युवक

डूंगरपुर के सरोदा के क्वारैंटाइन सेंटर में भर्ती तीन युवकों के लिए घर से टिफिन में खाना पहुंचाना पूरे परिवार को भारी पड़ गया है। हैरानी की बात है कि क्वारैंटाइन सेंटार में खाने की व्यवस्था होने के बाद भी परिजन घर से टिफिन लेकर वहां गए। अब युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी परिजनों को भी क्वारैंटाइन में भेज दिया गया है।

एआईसीसी सचिव विवेक बंसल और यूपी कांग्रेस अध्यक्ष गिरफ्तार

हाइवे पर पैदल चल रहे प्रवासी श्रमिकों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस के नेता फिर जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ऊंचा नगला बॉर्डर पर बड़ी संख्या में प्राइवेट बसें लेकर पहुंच गए। इस बार भी योगी आदित्यनाथ की सरकार ने इन बसों को उत्तर प्रदेश में नहीं घुसने दिया। इससे नाराज कांग्रेस नेता वहीं धरने पर बैठ गए और करीब 3 किमी लंबा जाम लगा दिया। इस पर यूपी पुलिस ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव विवेक बंसल और यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

जयपुर-आगरा एनएच स्थित ऊंचा नगला बॉर्डर पर राजस्थान से भेजी बसों को प्रवेश नहीं दिए जाने का विरोध करने पहुंचे यूपी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय सिंह को पकड़ ले जाती यूपी पुलिस।

जयपुर: हाइपरटेंशन, कोल्ड और बुखार के 17614 मरीजों को दी गईं दवाएं

अस्पतालों में भले ही मरीज नहीं पहुंच पा रहे हैं लेकिन लोग बीमार हैं और उन्हें दवाइयों की जरूरतें भी हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि चिकित्सा विभाग की ओर से 17644 लोगों को आेपीडी सेवाएं मेडिकल मोबाइल ओपीडी वैन से दी गई, जिनमें से 17614 बीमार निकले। हालांकि इन सभी को आवश्यक दवाइयां दी गई। अभी हजारों लोग ऐसे हैं, जिनको परामर्श तक नहीं मिला है। ऐसे में लोग लॉकडाउन खुलने और अस्पताल जाने का इंतजार कर रहे हैं। चिकित्सा विभाग द्वारा चलाई गई मोबाइल ओपीडी वैन की ओपीडी में हजारों लोगों को कफ-कोल्ड, बुखार, हाइपरटेंशन, डायबिटीज व अन्य बीमारियां होना सामने आया है।

कोटा: कोरोना की वजह से 50 दिन से नहीं हो रहे रूटीन ऑपरेशन

कोटा मेडिकल कॉलेज से संबंधित हॉस्पिटलों में बीते करीब 50 दिन से रूटीन ऑपरेशन नहीं हो रहे। ऐसे में अब मरीजों की वेटिंग भी दिनों दिन बढ़ती जा रही है। कई सर्जन इसे लेकर अब खुद मान रहे हैं कि अब फिर से रूटीन सर्जरी शुरू की जानी चाहिए, क्योंकि अगले दो-तीन माह तक कोरोना का डर रहने वाला है। ऐसे में मरीजों में कॉम्पलिकेशन भी बढ़ेंगे और जिस दिन भी रूटीन सर्जरी शुरू की जाएगी, उस दिन मरीजों का वेटिंग काफी बढ़ जाएगी, जिसे संभालने में कई माह कम पड़ेंगे। वैसे भी डब्ल्यूएचओ कह चुका कि अब कोरोना के साथ जीने की आदत डालनी होगी।

पाली: पॉजिटिव मरीज दोपहर में अस्पताल से भागा, शाम को पुलिस ने पकड़ा

पाली जिले के रामदेव रोड निवासी युवक की मंगलवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे बांगड़ अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन दोपहर बाद युवक बाथरूम जाने के बहाने अस्पताल से भाग निकला। शाम तक अस्पताल प्रशासन ने अपने स्तर पर ढूंढ़ने का प्रयास किया, लेकिन नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शाम को रामदेवरोड चौकी प्रभारी नारायणलाल विश्नोई व उनकी टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और अस्पताल पहुंचाया।

अजमेर में लाॅकडाउन में छूट के बाद सड़काें पर आवाजाही बढ़ी।


33 में से 31 जिलों में संक्रमण पहुंचा

  • प्रदेश में संक्रमण के सबसे ज्यादा केस जयपुर में हैं। यहां 1644 (2 इटली के नागरिक) संक्रमित हैं। इसके अलावा जोधपुर में 1157 (इनमें 47 ईरान से आए), उदयपुर में 420, कोटा में 337, अजमेर में 259, डूंगरपुर में 222, पाली में 209, चित्तौड़गढ़ में 160, टोंक में 154, नागौर में 213, भरतपुर में 129, जालौर में 97, भीलवाड़ा में 82, जैसलमेर में 73 (इनमें 14 ईरान से आए), बांसवाड़ा में 72, बीकानेर में 65, झुंझुनूं में 68, झालावाड़ में 51 मरीज मिले हैं। उधर, दौसा में 39, धौलपुर में 28, अलवर में 36, चूरू में 49, राजसमंद में 53, सिरोही में 69, हनुमानगढ़ में 14, सीकर में 60, सवाई माधोपुर में 17, बाड़मेर में 50, करौली में 10, प्रतापगढ़ में 7 कोरोना मरीज मिल चुके हैं। बारां में 5 संक्रमित मिले हैं। जोधपुर में बीएसएफ के 50 जवान भी पॉजिटिव मिल चुके हैं। वहीं दूसरे राज्यों से आए 7 लोग पॉजिटिव मिले।

  • राजस्थान में कोरोना से अब तक 143 लोगों की मौत हुई है। इनमें जयपुर में 74 (जिसमें चार यूपी से), जोधपुर में 17, कोटा में 13, अजमेर में 5, भरतपुर, पाली और नागौर में 4-4, सीकर और बीकानेर में 3-3, जालौर, करौली, अलवर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में 2-2, उदयपुर, बांसवाड़ा, चूरू, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर और टोंक में 1-1 की मौत हो चुकी है।


आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
तस्वीर जोधपुर के सरदारपुरा बी रोड की है। जहां लॉकडाउन में राहत मिलने के बाद दुकानें खोली गई। इस दौरान स्टेचू पर भी मास्क लगाए गए।


0 Comments