बुधवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ खुले। डाउ जोंस 0.66 फीसदी की बढ़त के साथ 156 अंक ऊपर खुला। नैस्डैक 0.97 फीसदी की बढ़त के साथ 85 अंक ऊपर और एसएंडपी 0.72 फीसदी की बढ़त के साथ 20 अंक ऊपर खुला। बाजार खुलते समय डाउ जोंस 24039, नैस्डैक 8894 और एसएंडपी 2889 अंक पर कारोबार कर रहे थे। बुधवार को दुनिया के बाजारों में ऊतार चढ़ाव का माहौल रहा। हॉन्ग-कॉन्ग के हैंग सेंग में 268 अंक, चीन के शंघाई कम्पोसिट में 18 अंक, भारत के निफ्टी में 65 अंक और दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 33 अंक की बढ़त रही। जापान का निक्केई 574 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ जबकि रूस, इटली, जर्मनी और फ्रांस के बाजारों में गिरावट बनी हुई है।


दुनियाभर के बाजारों में उतार चढ़ाव का माहौल रहा

मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुआ था डाउ
  • मंगलवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। डाउ जोंस 0.54 फीसदी यानी 133 अंक की बढ़त के साथ 23883 अंक पर बंद हुआ था।
  • नैस्डैक 1.13 फीसदी यानी 98 अंक की बढ़त के साथ 8809 अंक पर और एसएंडपी 0.90 फीसदी यानी 25 अंक की बढ़त के साथ 2868 अंक पर बंद हुआ था।
अमेरिका: न्यूयॉर्क में 25 हजार से ज्यादा मौतें
  • अमेरिका में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य न्यूयॉर्क में अब तक 25 हजार 204 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां तीन लाख 30 हजार 139 संक्रमित हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सोमवार को देर रात जारी किए गए आंकड़ों में नर्सिंग होम में 1,600 से ज्यादा ऐसी मौतों का पता चला, जिसकी जानकारी नहीं थी।
  • 3 मई के आंकड़ों के अनुसार, नर्सिंग होम में 4813 लोगों की जान गई है। नए डेटा में नर्सिंग होम के उन लोगों को शामिल नहीं किया गया है जिनकी मौत अस्पताल में हुई है। वहीं, न्यूयॉर्क के इतिहास में पहली बार मेट्रो को डिसइन्फेक्ट करने के लिए सुबह 1 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद कर दिया गया।
  • अमेरिकी राष्ट्रपति ने मंगलवार को कहा कि व्हाइट हाउस कोरोना टास्क फोर्स अब खत्म कर दिया जाएगा। अमेरिका में हर दिन औसतन 20 हजार कोरोना के केस सामने आ रहे, जबकि एक हजार से ज्यादा मौतें हो रही हैं। अमेरिका में अभी 12 लाख 37 हजार 633 लोग संक्रमित हैं, जबकि 72 हजार से ज्यादा जान जा चुकी है।
देश की अर्थव्यवस्था दोबारा खोलने पर सोच रहे हैं-ट्रम्प
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को कहा कि वे देश की अर्थव्यवस्था दोबारा खोलने पर सोच रहे हैं। उन्होंने एबीसी न्यूज से कहा कि देश में लोगों की नौकरी जा रही है। हमें इसे वापस लाना होगा।
  • सोशल डिस्टेंसिंग में राहत देने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाना जरूरी है। हम कोरोना से लड़ाई के दूसरे चरण में हैं। संक्रमण का स्तर कम हुआ है। यह चरणबद्ध तरीके से अर्थव्यवस्था खोलने के लिए सुरक्षित समय है। हालांकि, अर्थव्यवस्था खुलने से मौतों की संख्या बढ़ सकती है।
मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुआ भारतीय बाजार
  • सप्ताह में बुधवार को कारोबार के तीसरे दिन बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। सुबह सेंसेक्स 124.12 अंक ऊपर और निफ्टी 21.20 पॉइंट ऊपर खुला। हालांकि, ट्रेडिंग के पहले ही मिनट में बीएसई में गिरावट आ गई और ये 294.76 अंक तक लुढ़क गया। करीब आधे घंटे की ट्रेडिंग के बाद इसमें फिर से बढ़त आई। दिनभर की ट्रेडिंग के दौरान ये 517.33 अंक तक ऊपर जाने में कामयाब रहा।
  • कारोबार के अंत में सेंसेक्स 232.24 अंक या 0.74% ऊपर 31,685.75 पर और निफ्टी 65.30 पॉइंट या 0.71% ऊपर 9,270.90 पर बंद हुआ। इससे पहले मंगलवार को बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। कल कारोबार के अंत में सेंसेक्स 261.84 अंक नीचे 31,453.51 पर और निफ्टी 87.90 पॉइंट नीचे 9,205.60 पर बंद हुआ।





हॉन्ग-कॉन्ग के हैंग सेंग में 268 अंक, चीन के शंघाई कम्पोसिट में 18 अंक, भारत के निफ्टी में 65 अंक की बढ़त रही।