यमुनानगर में लॉकडाउन के दौरान बर्थडे मनाने पर एक परिवार और रिश्तेदारोंपर मामला दर्ज हो गया है। बर्थडे मनाने का खुलासा तब हुआ जब एक कोरोना पॉजिटिव से उसकी ट्रैवल हिस्ट्री पूछी गई औरउसने बताया कि घर में बर्थडे मनाया था, जिसमें काफी लोग जमा हुए थे। पुलिस ने अब पीड़िता के जेठ व रिश्तेदारों पर लॉकडाउन के उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक यमुनानगर की सरोजिनी कॉलोनी की 33 वर्षीय महिला 4 मई को कोरोना पॉजिटिव मिली थी। महिला को जब आइसोलेट किया गया तो स्वास्थ्य विभाग ने उससे ट्रैवल हिस्ट्री पूछी थी। महिला ने खुलासा किया कि 27 अप्रैल 2020 को कोरोना पॉजिटिव पाई गई महिला के जेठ की लड़की का बर्थडे था।
उसका जेठ पंजाब के मोहाली के सेक्टर-65 में रहता है। वह जन्मदिन मनाने के लिए अपनी पत्नी, लड़की, लड़के, पिता और माता के साथ यमुनानगर के सरोजिनी नगर में पहुंचा। यहां उसने पॉजिटिव पाई गई महिला समेत रिश्तेदारों व पड़ोसियों को भी इकट्ठा किया
यहां उन्होंने अपनी लड़की का जन्मदिन मनाया। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोरोना पॉजिटिव महिला के जेठ व रिश्तेदारों पर आईपीसी की धारा 188, 268, 269 व 270, डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट की धारा 51 व एपिडेमिक एक्ट की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।



यमुनानगर में पुलिस टीम शहर का जायजा लेते हुए। पुलिस अब शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक घरों से बाहर निकलने वालों पर नकेल कस रही है।