जालंधर में कर्फ्यू के माहौल में बुधवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी घायल हो गया। हादसा उस वक्त का है, जब ये लोग स्कूटी पर तस्करी की शराब ले जा रहे थे। अचानक एक ट्रक से टकरा गए। पुलिस ने लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। साथ ही कर्फ्यू तोड़ने और ओवरस्पीड में वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।

बुधवार दोपहर बाद करीब साढ़े 3 बजे हादसे में मृतक युवक की पहचान भार्गव कैंप के राजकुमार उर्फ राजू के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी वरुण जख्मी हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार इनकी स्कूटी 66 फीट रोड से सिटी की ओर से रहे ट्रक के बीच में टकरा गई। पुलिस ने कर्फ्यू तोड़ने और शराब तस्करी के अलावा ओवरस्पीड के मामले में वरुण को आरोपी बनाया है। हालांकि उसका सिविल अस्पताल से उपचार भी करवाया गया।

जिस ट्रक से स्कूटी की टक्कर हुई है, गांव कुद्दोवाल के रहने वाले उसके चालक जसपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह सरिया उतारकर सिटी की तरफ आ रहा था। 66 फीट रोड पर पंजाब एवेन्यू से मिट्ठापुर को जाती सड़क वाले चौक को उसका ट्रक पार कर रहा था कि तेज रफ्तार एक्टिवा उसके ट्रक के बीच में आ कर लगी। इससे एक्टिवा सवार की मौत हो गई। एक्टिवा पर रखी शराब की बोतलें टूट गई थी। एबुलेंस को कॉल करके जख्मी को सिविल अस्पताल पहुंचाया।


घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल करती पुलिस।

थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने करतारपुर के गांव कुद्दोवाल के रहने वाले ट्रक ड्राइवर जसपाल सिंह की स्टेटमेंट पर शराब तस्करी और कर्फ्यूतोड़ने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। एसएचओ नवीन पाल सिंह के मुताबिक वरुण ने माना कि वह डीजे पर लेबर का काम करता है। कर्फ्यू के कारण कोई काम नहीं था तो राजू को साथ मिलकर फोल्डीवाल एरिया से शराब लेकर आए थे। कर्फ्यू में शराब की तस्करी करते हुए वह लोग गंदे नाले से होते हुए पंजाब एवेन्यू पहुंच गए थे। यहां से 66 फीट रोड पर जाना था।


हादसे में घायल वरुण की मरहम पट्‌टी करवाती पुलिस।

वरुण की मानें तोरास्ते में पकड़े जाने के डर से राजू तेज रफ्तार से एक्टिवा चला रहा था। इतनी ज्यादा स्पीड की वजह से पता ही नहीं चला कि कब हादसा हो गया। एसएचओ ने कहा कि वरुण से गहराई से पूछताछ की जाएगी, ताकि पता चल सके कि शराब कौन से तस्कर से लेकर आए थे।